मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
मनेंद्रगढ़, 1 जुलाई। सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने रेप व धमकी की झूठी शिकायत कर लोगों को फंसाने एवं शासन से अनुचित लाभ प्राप्त करने के प्रयास की आरोपी महिला के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सावित्री बसोर द्वारा अपने पति एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाने, जान से मारने की धमकी तथा अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए विभिन्न अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत की विस्तृत जांच, उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के परीक्षण में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई तथा शिकायत पूर्णत: झूठी एवं भ्रामक पाई गई।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आवेदिका पूर्व में भी इसी प्रकार की झूठी शिकायतें प्रस्तुत कर लोगों को गंभीर मामलों में फंसाने, समझौते के नाम पर धन प्राप्त करने तथा शासन से मिलने वाली राहत राशि का अनुचित लाभ लेने का प्रयास करती रही है।
समस्त तथ्यों एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना प्रभारी विवेक पाटले को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मनेन्द्रगढ़ से अभियोजन की अनुमति प्राप्त होने उपरांत आवेदिका सावित्री बसोर के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के आधार पर बीएनएसएस की धारा 217 एवं 248 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।