मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
मनेंद्रगढ़, 1 जुलाई। मध्यप्रदेश के थाना कोतमा अंतर्गत खमरोध गांव में 28 जून की शाम घटी एक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गरीबी और अभावों से घिरी मीरा रैदास और उनकी युवा बेटी पूनम ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटनास्थल से बरामद एक आत्महत्या नोट में उन्होंने खुद को किसी पर बोझ नहीं बनने देने का जिक्र किया है।
बयालीस वर्षीय मीरा रैदास लंबे समय से अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थीं। इस दौरान वह अपनी चौबीस वर्षीय बेटी पूनम के साथ जीवन संघर्ष कर रही थी। पारिवारिक कलह के चलते भरण-पोषण की मांग को लेकर पति के खिलाफ न्यायालय में कानूनी प्रक्रिया जारी थी। पति जमुना क्षेत्र में निवास करता है और एक निजी नौकरी के साथ कृषि कार्य में जुटा हुआ है
पति का दावा है कि पत्नी की अस्थिर मानसिक स्थिति ही उनके अलगाव का मुख्य कारण रही है। रविवार की सुबह सामान्य दिनचर्या की तरह मां और बेटी कोतमा बाजार गई और वहां से आत्महत्या के लिए आवश्यक सामग्री खरीदी।
दोपहर ढलने के बाद, लगभग चार बजे वे घर से कुछ दूरी पर स्थित एक निर्जन स्थान पर पहुंची और आम के पेड़ की अलग-अलग डालियों पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम को जब ग्रामीणों ने दोनों के शवों को लटकते हुए देखा तो हडक़ंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक छानबीन में आर्थिक अभाव ही मुख्य वजह जान पड़ रही है। तलाशी के दौरान बेटी पूनम द्वारा लिखा गया एक पत्र मिला है, जिसमें साफ तौर पर यह व्यक्त किया गया है कि वे अब किसी के लिए बोझ बनकर नहीं जीना चाहती थी।
पूनम, जिसने अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर ली थी और आगे बढऩे के लिए कंप्यूटर का प्रशिक्षण भी ले रही थी की मृत्यु से गांव में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।