मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वितरित मंगलसूत्रों पर उठे सवाल
13-Jun-2026 7:09 PM
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वितरित मंगलसूत्रों पर उठे सवाल

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 13 जून। एमसीबी जिले के खडग़वां विकासखंड अंतर्गत चनवारीडांड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वितरित किए गए मंगलसूत्रों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस  प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य नवविवाहित बेटियों को सम्मानपूर्वक सहयोग प्रदान करना है, लेकिन यदि योजना के तहत चांदी के नाम पर नकली अथवा निम्न गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र वितरित किए गए हैं, तो यह अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का विषय नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके विश्वास से जुड़ा मुद्दा है।

उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचना चाहिए, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतें विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि महिला एवं बाल विकास विभाग में पूर्व में भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, इसके बावजूद सरकार प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले को हल्के में नहीं लेना चाहिए और पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करानी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए, जांच पूर्ण होने तक संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए तथा जिन हितग्राही कन्याओं को संदिग्ध गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र मिले हैं, उन्हें मानक गुणवत्ता के वास्तविक चांदी के मंगलसूत्र उपलब्ध कराए जाएं।

गुलाब कमरो ने कहा कि बेटियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी योजना में भ्रष्टाचार या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता सिद्ध होती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

 उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।


अन्य पोस्ट