मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

264 आवेदन मिले, 16 पंचायतों के ग्रामीणों को मिला योजनाओं लाभ
06-Jun-2026 4:11 PM
 264 आवेदन मिले, 16 पंचायतों के ग्रामीणों को मिला योजनाओं लाभ

सिरियाखोह में सुशासन तिहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 6 जून। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत एमसीबी जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम पंचायत सिरियाखोह में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। ‘संवाद से संपूर्ण समाधान’ की थीम पर आयोजित इस शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त किया।

ग्राम पंचायत शंकरगढ़, कठौतिया, बेलबहरा, सिरौली, कोथारी, साल्ही, खैरबना, पिपरिया, हस्तिनापुर, डंगौरा, भल्लौर, लालपुर, परसगढ़ी, चौनपुर, डोमनापारा तथा सिरियाखोह से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में 264 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा एवं उदित नारायण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, जनपद सदस्य पूजा रानी कोल, एसडीएम लिंगराज सिदार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली सिंह, तहसीलदार श्रुति धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक ही स्थान पर मिली शासन की अनेक सेवाएं

शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, वन, खाद्य, पशुपालन, मनरेगा, बिहान, आयुष्मान भारत तथा अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान विमला, दुर्गावती एवं सुधा की गोद भराई कर उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। वहीं शुभम, पवन सिंह एवं अव्यांश का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।

हितग्राहियों को मिले प्रमाण-पत्र, कार्ड और आवास की चाबियां

शिविर में पात्र हितग्राहियों को किसान कार्ड, किसान किताब, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, छड़ी, वैशाखी, मछली पकडऩे का जाल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां वितरित की गईं। वहीं आंचल, प्रभा सिंह, प्रिया सिंह, महेश्वरी, अर्चना सिंह, रामजीत, शुभम, अनिल सिंह, शिव बालक एवं अनुज नेताम को ड्रेस प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

 

जनप्रतिनिधियों ने बताया जनहित का प्रभावी माध्यम

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई कुसरो ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन चुका है। जिला पंचायत सदस्य श्री रामजीत लकड़ा ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त हो रही हैं। जिला पंचायत सदस्य श्री उदित नारायण सिंह ने कहा कि प्रशासन का गांवों तक पहुंचना सुशासन की वास्तविक परिकल्पना को साकार कर रहा है।

प्रत्येक आवेदन का होगा समयबद्ध समाधान- कलेक्टर

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ शीघ्र निराकरण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी पात्र हितग्राही को योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी सरपंच, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों में उत्साह, प्रशासन के प्रति विश्वास और शासन की योजनाओं के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिसने सुशासन तिहार को जनभागीदारी का एक प्रभावी मंच बना दिया।


अन्य पोस्ट