मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 5 जून। एमसीबी जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरौली में ट्रैक्टर चालक की कथित लापरवाही एक चार वर्षीय मासूम की जान पर भारी पड़ गई। हादसे में ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को ट्रैक्टर चालक उमेद सिंह मरकाम नदी से रेत लेने जा रहा था और उसने चार बच्चों को ट्रैक्टर पर बैठा रखा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गई और चार वर्षीय बच्चा वाहन से नीचे गिर गया और ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनीष सारथी पिता प्रेमलाल सारथी, निवासी ग्राम सिरौली के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता प्रेमलाल सारथी ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


