मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

जिला अधिवक्ता संघ मनेंद्रगढ़ के पदाधिकारियों ने ली निष्पक्षता और निष्ठा की शपथ
19-May-2026 4:08 PM
जिला अधिवक्ता संघ मनेंद्रगढ़ के पदाधिकारियों  ने ली निष्पक्षता और निष्ठा की शपथ

‘छत्तीसगढ़‘ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 19 मई। जिला अधिवक्ता संघ मनेंद्रगढ़ द्वारा वर्ष 2026 के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन स्थानीय होटल हसदेव इन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में न्यायपालिका, विधिक परिषद और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने पद और दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता से करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश राजेंद्र वर्मा ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों में न्यायाधीश यशवंत वासनीकर, सरिता दास, लोकेश कुमार, राकेश सिंह सोरी, भारतीय विधिक परिषद सदस्य शैलेंद्र दुबे, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद बिलासपुर कार्यकारिणी समिति अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, राज्य विधिक परिषद सदस्य अनिल गोयल, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रजनीश सिंह तथा सचिव अनिल कुमार त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। अधिवक्ता संघ के संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह, उमाकांत सिंह चंदेल तथा चिरमिरी नगर निगम महापौर अधिवक्ता रामनरेश राय भी मंचासीन रहे।

 स्वागत भाषण देते हुए अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी ने कहा कि संघ सदैव अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए संघर्षरत रहेगा। उन्होंने न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बेहतर फर्नीचर व्यवस्था, समृद्ध लाइब्रेरी, अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किए जाने तथा सामूहिक बीमा योजना की मांग मुख्य अतिथि के समक्ष रखी।

समारोह में वर्ष 2026 के लिए जिला अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी, उपाध्यक्ष (पुरुष) विनय पाठक, उपाध्यक्ष (महिला) महजबीन खान, सचिव आशीष सिंह, सह-सचिव प्रदीप शर्मा तथा कोषाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल, वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अधिवक्ता प्रहलाद श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल, आशीष राय एवं राजेश गुप्ता, पुस्तकालय प्रभारी के रूप में साय रजवाड़े तथा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के रूप में अधिवक्ता सविता गुप्ता, महिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मंजु बेनी और पूनम गुप्ता ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने की शपथ ली।

 अधिवक्ता संघ के संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह ने अपने संबोधन में मनेन्द्रगढ़ को सिविल जिला घोषित किए जाने सहित अधिवक्ताओं से जुड़ी अन्य आवश्यक मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए यह आवश्यक कदम है।

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अधिवक्ता समाज, लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी एवं सचिव आशीष सिंह के नेतृत्व में जिला अधिवक्ता संघ नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। मंत्री ने मंच से रखी गई विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संघ के सचिव अधिवक्ता आशीष सिंह ने किया।


अन्य पोस्ट