मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

मनेंद्रगढ़ मेरी जन्मभूमि, समाज का कर्ज चुकाना है-संजय
17-May-2026 9:47 PM
मनेंद्रगढ़ मेरी जन्मभूमि, समाज का कर्ज चुकाना है-संजय

मनेन्द्रगढ़ में 31 से नि:शुल्क योग एवं सर्वरोग निवारण शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 17 मई। शहर में आगामी 31 मई से 6 जून तक आयोजित होने वाले नि:शुल्क योगधारा - सर्वरोग निवारण शिविर को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित पत्रकार भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता का शुभारंभ ओम उच्चारण के साथ किया गया। इस दौरान पतंजलि योग हरिद्वार के केंद्रीय प्रभारी एवं योग शिविर आयोजन समिति के प्रभारी छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने योग को समाज में स्वास्थ्य, सद्भाव और सकारात्मक जीवनशैली का माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में जुडऩे की अपील की।

प्रेस वार्ता में संजय अग्रवाल ने कहा कि - मनेंद्रगढ़ मेरी जन्मभूमि है और मैं इस मिट्टी का कर्ज चुकाना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग शारीरिक और मानसिक बीमारियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में योग ही स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने लोगों को योग से जुडऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोडऩे वाली भारतीय परंपरा है। उन्होंने सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कहा कि - हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी रोज योग करेंगे और बहन-भाई बनकर समाज में प्रेम व स्वास्थ्य का संदेश देंगे।

सुबह योग, दिनभर स्वास्थ्य सेवाएं

शिविर प्रभारी संजय अग्रवाल ने बताया कि सात दिवसीय यह शिविर प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7.30 बजे तक सरस्वती शिशु मंदिर परिसर, मनेंद्रगढ़ में आयोजित होगा। वहीं चिकित्सा एवं थेरेपी संबंधी सेवाएं राजस्थान भवन और महाराजा अग्रसेन भवन में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। शिविर में योग प्रशिक्षण, नेचुरोपैथी, न्यूरोपैथी, नाड़ी परीक्षण, आयुर्वेद परामर्श, आहार परामर्श जैसी सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। साथ ही नागरिकों के लिए शुगर एवं बीपी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अनुभवी योग प्रशिक्षक और विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देंगे।

समाज के सहयोग से हो रहा आयोजन

योग आयोग के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अग्रवाल ने बताया कि इस जनकल्याणकारी अभियान में शहर की कई सामाजिक एवं सेवा संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। प्रेस क्लब, चेंबर ऑफ कॉमर्स, एमसीबी कैट, नगर पालिका परिषद, लायंस क्लब, अधिवक्ता संघ सहित अनेक संगठन आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया के माध्यम से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे इस नि:शुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने परिवार को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाएं।

योग अपनाइए - रोग भगाइए

प्रेस वार्ता में उपस्थित छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज संचेती ने कहा कि व्यापारी स्वस्थ्य होगा तभी व्यापार भी सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से योग शिविर अद्भुत होगा। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों को ऐसी जीवनशैली से जोडऩा है जिससे वे भविष्य में रोगमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन जी सकें। अंत में प्रेस वार्ता में उपस्थित कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, राजस्थान भवन अध्यक्ष श्यामसुंदर पोद्दार, नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव एवं छग चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री संजीव ताम्रकार ने सभी पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।


अन्य पोस्ट