मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

आंध्र समाज ने रामनवमी उत्सव मनाया
30-Mar-2026 5:07 PM
आंध्र समाज ने रामनवमी उत्सव मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 30 मार्च। नगर के आंध्र समाज द्वारा परंपरागत रूप से इस वर्ष 82वां श्री राम नवमी पूजा उत्सव भव्य और श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई।

आंध्र समाज के प्रतिनिधि टी. विजय गोपाल राव ने बताया कि क्षेत्र में कोयला खदान एवं रेलवे की स्थापना के समय आंध्र प्रदेश से आए लोग यहां बस गए थे, जिनकी तीसरी पीढ़ी आज भी इस परंपरा को निरंतर निभा रही है।

तीन दिवसीय इस आयोजन में श्रीराम जन्मोत्सव, मंडप पूजन, श्री राम-जानकी विवाह तथा पट्टाभिषेकम जैसे धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न कराए गए। दक्षिण भारत से आए पंडित चैतन्य द्वारा समस्त पूजा-विधि कराई गई।

श्री राम-जानकी विवाह कार्यक्रम में एस. हरिप्रसाद एवं एस. सुनीता तथा एम. प्रसाद राव एवं एम. पद्मा ने वर-वधू के अभिभावक के रूप में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक प्रसाद के रूप में ‘पुलिआहारम’ (खट्टा भात) का वितरण किया गया।

समापन दिवस पर पट्टाभिषेकम के उपरांत श्रद्धालुओं को दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार पंक्तिबद्ध बैठाकर भोजन कराया गया, जिसमें चावल, सांभर, दही, खीर एवं सब्जी परोसी गई।

इस आयोजन में समाज के बी.एम. राम, पी. रविशंकर, एस. सत्यनारायणा, जी. शंकर राव, व्ही. रमना, बी.व्ही. राव सहित अनेक सदस्यों एवं श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।


अन्य पोस्ट