मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
छात्राओं को सिखाए गए आत्मरक्षा के गुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 10 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मनेंद्रगढ़ इकाई द्वारा मातृशक्ति को समर्पित आत्म-सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बहनों और छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास, साहस और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्म-सुरक्षा की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से आत्मरक्षा के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अपने जीवन के लिए उपयोगी बताया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर और आत्म-सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर कार्य करना चाहिए। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल बहनों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा, नगर सह मंत्री महेश कौशिक, नगर छात्रा प्रमुख सरिता सिंह (खेलो भारत प्रांत टोली सदस्य) तथा नगर सह मंत्री राहुल प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं परिषद के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।


