मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

अंजन हिल कोयला खदान परियोजना की जनसुनवाई, स्थानीय प्रतिनिधियों ने जताया समर्थन
06-Feb-2026 3:49 PM
अंजन हिल कोयला खदान परियोजना की जनसुनवाई, स्थानीय प्रतिनिधियों ने जताया समर्थन

388.261 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजना, निजी भूमि अधिग्रहण नहीं होगा-एसईसीएल महाप्रबंधक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 6 फरवरी। एमसीबी जिले के दक्षिण-पूर्वी चिरमिरी कोलफील्ड क्षेत्र में प्रस्तावित अंजन हिल कोयला खदान परियोजना को लेकर ग्राम भुकभुकी, जनपद पंचायत खडग़वां में आयोजित जनसुनवाई शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 388.261 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित यह परियोजना साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चिरमिरी क्षेत्राधिकार अंतर्गत विकसित की जानी है।

जनसुनवाई में प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। अपर कलेक्टर अनिल सिदार, पर्यावरण जलवायु संरक्षण अधिकारी शैलेश पिसदा, अनुविभागीय अधिकारी  विजयेन्द्र सारथी, सीएसपी दीपिका मिंज, एसईसीएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार तथा सब एरिया मैनेजर मनीष सिंह सहित अन्य अधिकारी मंचासीन रहे। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रिया, महापौर राम नरेश राय, नगर निगम सभापति संतोष सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन, नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। जनसुनवाई में कुछ ग्रामीणों द्वारा निजी भूमि अधिग्रहण को लेकर आशंका व्यक्त की गई, जिस पर एसईसीएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि परियोजना का विकास पूर्णत: आवंटित लीज क्षेत्र के भीतर ही किया जाएगा और किसी भी निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि परियोजना से किसी प्रकार का विस्थापन व पुनर्वास नहीं होगा।

कंपनी की ओर से बताया गया कि परियोजना के तहत पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा उपायों तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही हालिया सामुदायिक पहलों के अंतर्गत हुडी जैकेट, स्कूल बैग, डेस्क-बेंच वितरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास, रोजगार के नए अवसरों और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए परियोजना का समर्थन किया। कंपनी के अनुसार प्रस्तावित खदान से वनों, जल स्रोतों एवं वन्यजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव की संभावना नहीं है तथा सभी वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

सफल जनसुनवाई के पश्चात अब कंपनी द्वारा आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और स्थानीय हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सतत, सुरक्षित एवं जिम्मेदार खनन कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट