मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

साहित्य महोत्सव में एमसीबी से सतीश उपाध्याय ने किया प्रतिनिधित्व
29-Jan-2026 3:49 PM
 साहित्य महोत्सव में एमसीबी से सतीश उपाध्याय ने किया प्रतिनिधित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 29 जनवरी। पुरखौती मुक्तांगन परिसर, नया रायपुर में आयोजित रायपुर साहित्य महोत्सव 2026 में एमसीबी जिले से वरिष्ठ साहित्यकार सतीश उपाध्याय ने सहभागिता की। महोत्सव की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह रहे।

तीन दिवसीय साहित्य महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकारों ने अलग-अलग सत्रों में भाग लिया। जानकारी के अनुसार महोत्सव में 118 साहित्यकारों ने 42 सत्रों में विचार-विमर्श किया। महोत्सव में भाग लेने के बाद साहित्यकार सतीश उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने हिंदी साहित्य को कई महत्वपूर्ण साहित्यकार दिए हैं। उन्होंने पंडित लोचन प्रसाद पांडे, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी और गजानन माधव मुक्तिबोध का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी साहित्यिक विरासत को संरक्षित करना सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने रायपुर साहित्य उत्सव 2026 को सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा आयोजन बताते हुए कहा कि विनोद कुमार शुक्ल, श्यामलाल चतुर्वेदी, लाल जगदलपुरी और अनिरुद्ध नीरव को समर्पित साहित्य मंडप की परंपरा सराहनीय है। उनके अनुसार इस आयोजन से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और साहित्य को व्यापक पहचान मिलती है। सतीश उपाध्याय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में आयोजित काव्य पाठ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। महोत्सव के दौरान उन्होंने समकालीन साहित्य, संस्कृति, लोकतंत्र और समाज से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति रही, जिसमें युवा वर्ग की भागीदारी भी देखी गई। सतीश उपाध्याय ने रायपुर साहित्य उत्सव 2026 को साहित्य संवाद और विचारों के आदान-प्रदान से जुड़ा आयोजन बताया।


अन्य पोस्ट