मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
बीच सडक़ पर केक काटने और पटाखे फोडऩे पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 5 दिसंबर। गेज नदी के पास एनएच-43 पर स्कॉर्पियो की बोनट पर केक रखकर काटने और पटाखे फोडऩे का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सोनहत बीएमओ डॉ. अनीत बखला को पद से हटा दिया गया है। मामले के गंभीरता से संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें सोनहत बीएमओ पद से मुक्त कर जिला अस्पताल में पदस्थ किया है। वहीं, सोनहत के लिए नए बीएमओ के रूप में जिला अस्पताल में कार्यरत डॉ. बलवंत सिंह (नेत्र रोग विशेषज्ञ) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन विभाग ने डॉ. बखला को ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन का नोटिस जारी किया है। जिला परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है, जिसके बाद लाइसेंस को प्रथम चरण में तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है।
गौरतलब है कि 28 नवंबर की रात करीब 11.30 बजे एनएच-43 पर रामपुर तिराहा के पास स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 16 सीआर 0016) को रोककर बोनट पर केक काटने और पटाखे फोडऩे का वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
जांच में पाया गया कि वाहन सोनहत बीएमओ डॉ. अनीत बखला का है और घटना के दौरान उनके साथ अल्तमस निवासी रामपुर मौजूद थे। सडक़ पर वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित हुआ तथा पटाखे फोडऩे से राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ।
उप निरीक्षक महेश कुशवाहा द्वारा दर्ज मामले में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 285 (विस्फोटक पदार्थ से उपेक्षापूर्ण कार्य), धारा 288 (लोकमार्ग पर अवरोध उत्पन्न करना), धारा 3(5) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 122 और 177 के तहत एफआईआर पंजीबद्ध की गई है।
परिवहन विभाग ने नोटिस जारी कर बीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब के आधार पर लाइसेंस निलंबन की अंतिम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार का जोखिमपूर्ण व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनता है।


