मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

समाजसेवी संस्था ने किया अन्नदाताओं का सम्मान
25-Dec-2024 8:42 PM
समाजसेवी संस्था ने किया अन्नदाताओं का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 25 दिसम्बर। अंचल की समाजसेवी संस्था जागो सेवा संस्थान बंजी द्वारा राष्ट्रीय किसान दिवस पर वयोवृद्ध किसानों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम ने कृषकों को जानकारी देते हुये बतलाया कि केंद्र एवं छग प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर किसान भाई अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकते हैं। आज किसानों को उनके उपज का अच्छा दाम मिल रहा है। अभी वर्तमान में धान 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। धान के साथ-साथ मक्का, अरहर, उड़द, मूंग, कोदो, कुटकी, रागी आदि फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रहा है, जिससे किसान भाई लाभान्वित हो रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति में सतत सुधार हो रहा है। संस्था सचिव नभाग सिंह ने कृषकों को जानकारी देते हुये बतलाया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय किसान दिवस के रुप में मनाई जाती है। चौधरी चरण सिंह स्वयं एक किसान थे और कृषि व किसानों के हित में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। संस्था के कोषाध्यक्ष आनंद भगत और सेवानिवृत्त वरिष्ठ कृषि अधिकारी पुष्कर लाल तिवारी ने भी कृषकों को उन्नत तकनीकी एवं वैज्ञानिक खेती से जुडक़र अपना उत्पादन बढ़ाने का आव्हान किया। कार्यक्रम में उपस्थित वयोवृद्ध महिला कृषक देवकुंवर, सोनकुंवर, आमिर सिंह एवं जीवन सिंह सभी कृषक को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर संस्था द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जागो संस्था परिवार के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम, सचिव नभाग सिंह, कोषाध्यक्ष आनंद भगत, सदस्य कन्हैयालाल, मेवालाल एवं देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन संस्था के सचिव नभाग सिंह द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट