महासमुन्द
काफी मशक्कत के बाद बिजली व्यवस्था बहाल, अभी भी काम जारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई। जिले में बुधवार रात सात बजे तेज हवाओं के साथ बारिश के बाद गुरूवार को दिन भर जिले में विद्युत व्यवस्था बाधित रही। आकाशीय बिजली गिरने के कारण इंसुलेटर व ट्रांसफार्मर भी खराब हो गए और कई जगह तार टूट गए। जिसकी वजह से महासमुंद शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। रात में बारिश व अंधड़ की वजह से बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को फ ाल्ट ढूंढने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी अनुसार सिरपुर क्षेत्र की ओर करीब 21 गांव अंधेरे में डूबे रहे। इन इलाकों में गुरूवार शाम चार बजे विद्युत व्यवस्था बहाल की गई।
बिजली अधिकारी कहते हैं कि शहर के 11 केवी सहित 33 केवी में भी फाल्ट था। शहर में कलेक्टोरेट रोड सहित आसपास इलाके में भी बिजली बंद थी। रात साढ़े तीन बजे बिजली व्यवस्था बहाल की गई। बताया जा रहा है कि 11 केवी लाइन में तीन से चार पेड़ अंधड़ चलने से गिर गए थे। रातभर कर्मचारियों ने बिजली के तार से पेड़ हटाया और व्यवस्था बहाल की।
महासमुंद के कार्यपालन अभियंता आरके बांसकर ने बताया कि बुधवार को अंधड़ व तेज बारिश से कई जगह फाल्ट रहा। आकाशीय बिजली की वजह से ट्रांसफार्मर व इंसुलेटर उड़े हैं। कई जगहों पर अभी तक सुधार कार्य चल रहा है। रिपोर्ट अभी तक मिली नहीं है। उन्होंने कहा कि सिरपुर क्षेत्र में रातभर लाइन नहीं थी। करीब 21 गांव में अंधेरा छाया था। फाल्ट अधिक होने की वजह से सुधार कार्य में समय लग गया।
महासमुंद शहर के मोहारीभांठा, नया सिविल लाइन, कलेक्टोरेट मार्ग, वन विभाग परिसर सहित क्षेत्र के आसपास इलाके में रात तीन बजे तक लाइट बंद रही। शहर जेई एसके भगत ने बताया कि परसों बुधवार को अंधड़ की वजह से बिजली दफ्तर परिसर में 11 केवी लाइन में दो बड़ा पेड़ गिर गया था। इसके अलावा वनमंडलाधिकारी कार्यालय परिसर में भी चार पांच पेड़ 11 केवी तार में गिर गया था। इसके कारण कलेक्टोरेट मार्ग, मौहारीभांठा, नया सिविल लाइन में रात तीन बजे तक बिजली व्यवस्था बाधित रही। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से शहर में पांच इंसुलेटर खराब हुए।
बारिश व अंधड़ की वजह से बिजली विभाग को शहर से करीब 154 शिकायतें दर्ज कराई गई है। इन शिकायतों पर अभी काम चल रहा है। जेई ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायत तार टूटने, फ्यूज उडऩे व लाइन सप्लाई की है। जहां-जहां से शिकायत आई है, वहां सुधार कार्य कर रहे हैं। सबसे ज्यादा हवा व बिजली से नुकसान होता है। मालूम हो कि महासमुंद में बुधवार को अच्छी बारिश हुई। इस दौरान महासमुंद ब्लॉक में सर्वाधिक 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बसना में भी 41 मिमी बारिश हुई। बुधवार को जिले में 30 मिमी औसत बारिश हुई थी। कल गुरूवार को जिले में भारी बारिश की के साथ यलो अलर्ट की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी की गई थी। लेकिन मुख्यालय में दोपहर को केवल 10 मिनट के लिए तेज बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।