महासमुन्द

पेड़ पर लटकी मिली युवती की लाश
04-Jul-2021 6:34 PM
पेड़ पर लटकी मिली युवती की लाश

महासमुंद, 4 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरोंडाबाजार में कल उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक युवती की लाश बबूल पेड़ पर लटकी हुई मिली। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से युवती के बारे में जानकारी ली,लेकिन कोई कुछ भी नहीं बता सका। इसके बाद मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया में वायरल की, तब उसकी पहचान हो पाई। करीब 11 बजे सोशल मीडिया में फोटो देखने के बाद मृतका के पिता जिला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने ही शव की शिनाख्ती की।

कोतवाली थाने में पदस्थ उप निरीक्षक विनोद शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ग्राम बरोंडाबाजार में बबूल पेड़ पर एक युवती की लाश मिली। युवती की शिनाख्ती वार्ड क्रमांक 15 बाजार पारा निवासी ऐश्वर्या साहू (25) के रूप में उसके पिता ने ही की। जांच के दौरान पता चला कि मृतका स्टेशन रोड स्थित रियाज कलेक्शन में काम करती थी। उसके पिता ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर सिक्योरिटी गार्ड हैं।

शुक्रवार को वह अपने घर से परिजनों को बिना बताए निकल गई थी। परिजनों को लगा कि रोजाना की तरह काम पर गई होगी। 
लेकिन जब रात को युवती घर नहीं पहुंची तो परिजन उसे ढूंढने लगे। रिश्तेदारों व आसपास युवती के बारे में पतासाजी की गई, लेकिन जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह जब सोशल मीडिया में मृतका की तस्वीर वायरल हुई तो परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। युवती ने किस वजह से आत्महत्या की, इसका कारण अज्ञात है।
 


अन्य पोस्ट