महासमुन्द
शराब की रखवाली के लिए गार्ड तैनात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासंमुद 9 जून। एकता चौक स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को रातों-रात त्रिमूर्ति कॉलोनी के आगे शिफ्ट तो कर दिया है, लेकिन विरोध के चलते यह दुकान अब भी बंद है। वहां रखी शराब की खेप की रखवाली के लिए गार्ड तैनात कर दिया गया है।
शराब दुकान को हटाने कॉलोनीवासी एक हो गए हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब तक दुकान दूसरी जगह शिफ्ट नहीं होगी, तब तक कॉलोनीवासी विरोध जारी रखेंगे। साथ ही आने वाले दिनों में कॉलोनी की महिलाएं सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन करेंगी। वार्ड पार्षद मंगेश टाकसाले ने बताया कि आबकारी मंत्री कवासी लखमा से भी चर्चा की गई है। मंत्री ने विधायक विनोद सेवल लाल चंद्राकर को समस्या दूर करने को कहा है।
जानकारी मिली है कि स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद दुकान अन्यत्र शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए शहर के बाहर में जगह तलाशी जा रही है। जैसे ही नया स्थान मिलेगा दुकान शिफ्ट कर दी जाएगी।
ज्ञात हो कि शराब दुकान पिछले तीन-चार साल से तुमगांव रोड में थी। यहां के वार्डवासी भी लगातार शराब दुकान हटाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। तीन महीने पूर्व वार्डवासियों ने विधायक व अधिकारियों के आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया था, लेकिन 15 दिवस के बाद भी दुकान अन्यत्र स्थान पर स्थानांतरण नहीं हुआ। बीते 5 जून को वार्डवासियों ने फिर से प्रदर्शन कर दुकान बंद करा दी थी।
अधिकारी के मान-मनौव्वल के बाद भी वार्डवासी नहीं मानें। वहीं दुकान को तुमगांव रोड से आगे बेमचा में शिफ्ट करने की तैयारी थी, लेकिन वहां के ग्रामीण भी विरोध में उतर आए और आंदोलन की चेतावदी दे दी। इसके चलते अचानक ही आबकारी विभाग ने दुकान त्रिमूर्ति कॉलोनी में शिफ्ट कर दी लेकिन यहां भी विरोध शुरू हो गया।