महासमुन्द
जेल ब्रेक के बाद 2 प्रहरी निलंबित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द,18 नवम्बर। महासमुन्द जिला जेल से फरार चार बंदियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बंदियों के फरार होने के बाद जेल सुरक्षा व्यवस्था की कई खामियां सामने आई हैं, जिन पर पहले से ध्यान दिया जा सकता था। ताज़ा मामले में चारों बंदी कंबल के सहारे करीब 21 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। इसके बाद बैरक ड्यूटी पर तैनात मुख्य प्रहरी मनूलाल साहू और प्रहरी भरत लाल सेन को निलंबित कर दिया गया है।
फरार बंदियों में से एक पंचराम निषाद को सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुंदा से गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी तीन बंदियों का समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल सका है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक ने बताया कि फरार एक बंदी को गिरफ्तार किया गया है। बंदी पंचराम की पत्नी अपने बच्चों के साथ गांव अर्जुंदा में किराए के मकान में रह रही थी। अत: वह वहीं चला गया। आरोपी के बयान के मुताबिक जेल से भागते वक्त बंदी दो-दो के समूह में अलग-अलग दिशाओं में भागे थे।
सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
जेल की बाहरी सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। यहां का वॉच टावर अब भी बंद है। जेल के बाहर जवानों की नियमित तैनाती भी नजर नहीं आती। करीब 21 फीट ऊंची दीवार के बाद बाउंड्री पर लगाई गई कंटीली तारें कई जगह से टूटी हैं।
गौरतलब है कि जेल की स्थिति की समीक्षा के लिए अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी को हर तीन महीने में निरीक्षण करना होता है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश को अपने क्षेत्र की प्रत्येक जेल का महीने में कम से कम एक बार निरीक्षण करना होता है। कलेक्टर और एसपी भी जायजा लेते हैं।
महासमुंद जिला जेल से चार बंदियों के फरार होने के बाद गरियाबंद प्रशासन भी जेल की व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क हो गया है। पता चला है कि महासमुन्द में घटना के बाद सोमवार को गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा और एसपी वेदव्रत सिरमौर ने जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदी बैरकों में जाकर उनसे बातचीत की और उनके मामलों, वकील तथा कानूनी सहायता की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं का नियमानुसार जल्द निराकरण करने और कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही रसोई में भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के भंडार और साफ-सफाई की जांच की। कलेक्टर ने जेलर को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा।
ज्ञात हो कि महासमुन्द जिला जेल का सितम्बर महीने में ही रिव्यू कमेटी ने निरीक्षण किया था। इसमें कमेटी की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया, कलेक्टर विनय लंगेह व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर समेत अन्य शामिल थे।