महासमुन्द

बंटवारे की जमीन पर भूमिपूजन, किसान दंपत्ति पर हमला
16-Nov-2026 7:53 PM
बंटवारे की जमीन पर भूमिपूजन, किसान दंपत्ति पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द , 16 नवम्बर। जिले के बसना थाना अंतर्गत ग्राम भीखापाली में बंटवारे में मिली जमीन पर भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन करने पहुंचे एक किसान और उसकी पत्नी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। जमीन के बंटवारे को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद में आरोपित पिता-पुत्र ने कथित तौर पर किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। घायल किसान की शिकायत पर बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 11 नवंबर की सुबह की है।  ग्राम भीखापाली निवासी किसान कैलाश साहू अपने हिस्से में आई बंटवारे की जमीन पर मकान निर्माण कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में वे भूमि पूजन के लिए मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी पदमिनी साहू, चाचा नेमिचंद साहू और राजमिस्त्री रमेश बंजारा भी मौजूद थे। इसी दौरान उनके चाचा का पुत्र अरविंद साहू अपने पिता रोहित साहू के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

 शिकायत के मुताबिक विवाद बढऩे पर आरोपियों ने कैलाश साहू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच अरविंद साहू ने पास में रखे डंडे से कैलाश के सिर पर वार कर दिया। डंडे की चोट से उनके सिर से खून बहने लगा। वहीं रोहित साहू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पति के साथ मारपीट होते देख पदमिनी साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोप है कि अरविंद साहू ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटनास्थल पर मौजूद राजमिस्त्री रमेश बंजारा और नेमिचंद साहू ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद घायल कैलाश साहू ने थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी अरविंद साहू एवं रोहित साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।


अन्य पोस्ट