महासमुन्द

प्रभारी मंत्री ने ली 4 घंटे मैराथन बैठक: कहा-किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए
13-Nov-2026 6:23 PM
प्रभारी मंत्री ने ली 4 घंटे मैराथन बैठक: कहा-किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 13 नवम्बर। प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने गुरुवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। चार घंटे चली इस मैराथन बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा विभागीय कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल,कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू आदि उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण करने तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद रूपकुमारी चौधरी,महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी विभागीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना केे अंतर्गत स्वीकृत सभी अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए। जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य विभिन्न कारणों से लंबित हैं, उनकी समस्याओं का चिन्हांकन कर निराकरण किया जाए।

उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए आवासों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने राजस्व वसूली एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए वसूली में तेजी लाने तथा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को तय समय.सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उनके प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। जिन हितग्राहियों का ई.केवाईसी अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, उनके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले के माध्यम से लोगों को जानकारी देकर निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने का प्रयास किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। गरीबों का राशन गबन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें।

कहा कि श्रम विभाग प्रत्येक सप्ताह शिविर लगाएं और हितग्राहियों को अधिकतम लाभ दें। किसी भी योजना अंतर्गत हितग्राहियों के चयन के लिए जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन लेवें। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 3,560 हेक्टेयर धान का रकबा कम किया गया है। इसके स्थान पर किसानों द्वारा दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती को अपनाया जा रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फसल विविधीकरण को और अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ.साथ दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन, विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दें। कहा कि फसल विविधीकरण से खेती की लागत और जोखिम को कम करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में पेयजल व्यवस्था एवं योजना के अंतर्गत शेष निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं, पारदर्शी प्रक्रिया तथा किसानों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि पिछले वर्ष धान खरीदी में अनियमितता एवं लापरवाही के मामलों में कुल 12 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इस पर मंत्री ने कहा कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें किसानों के हितों एवं शासन की व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस वर्ष धान खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाहीए अनियमितता अथवा गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी करने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।'


अन्य पोस्ट