महासमुन्द

24 घंटे ड्यूटी- ऑनलाइन उपस्थिति के खिलाफ अधीक्षकों ने निकाली रैली
13-Nov-2026 6:22 PM
24 घंटे ड्यूटी- ऑनलाइन उपस्थिति के खिलाफ अधीक्षकों ने निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 13 नवम्बर। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, भोजन और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाले 92 अधीक्षकों ने 24 घंटे ड्यूटी, ऑनलाइन उपस्थिति की अनिवार्यता, मेस राशि में कटौती और पर्याप्त बजट नहीं मिलने जैसी समस्याओं को लेकर गुरुवार को रैली निकाली। इनमें 52 नियमित और 40 प्रभारी अधीक्षक शामिल थे। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिला इकाई ने बरोंडा चौक स्थित अटल परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इसके बाद रैली निकालकर कलेक्टर के माध्यम से आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष नीलेश खांडे ने कहा कि छात्रावास संचालन केवल कार्यालयीन समय तक सीमित नहीं है। बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी, भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधीक्षकों को हर समय उपलब्ध रहना पड़ता है। अधीक्षक विकास अग्रवाल ने 24 घंटे ड्यूटी की व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं रितु चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ी में छात्रावासों की समस्याएं रखीं। कहा कि बच्चों के बीमार होने से लेकर भवन के रखरखाव तक की जिम्मेदारी अधीक्षकों पर है। लेकिन आकस्मिक खर्च के लिए सत्र शुरू होने से पहले राशि नहीं मिलती। संघ ने सेवा शर्तें तय करने, कैडर पुनर्गठन कर पदोन्नति के अवसर देने, ऑनलाइन उपस्थिति की विसंगतियां दूर करने, मेस राशि में अनुचित कटौती रोकने और छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त बजट देने की मांग की।

रैली निकालकर वे कलेक्ट्रेट पहुंचे। डिप्टी कलेक्टर अक्षा गुप्ता ने ज्ञापन स्वीकारा। यथासंभव निराकरण का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में सतीश घृतलहरे, अजय माधवन, रूपेश प्रधान, कमलेश ठाकुर, रोहित पटेल, मनोज चौधरी, मोहनीश दीवान सहित जिले के बड़ी संख्या में अधीक्षक शामिल हुए।


अन्य पोस्ट