महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवम्बर। परसों रात महासमुंद शहर के वार्ड क्रमांक 21 सुभाष नगर के पार्षद बड़े मुन्ना देवार के घर के पास बने बाड़े से दो सुअर चोरी कर इको वाहन में ले जाते 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के दौरान वाहन बेलसोंडा रेलवे फ ाटक के पास पहुंचा था। वहां फ ाटक बंद होने के कारण वाहन का रास्ता रुक गया। वाहन का पीछा कर रहे प्रार्थी और मोहल्ले के एक व्यक्ति ने वाहन चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। वाहन के अंदर दो सुअर मिले, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है।
वार्ड क्रमांक 21 निवासी बड़े मुन्ना देवार सुअर पालन का व्यवसाय करते हैं। उनके पास करीब 50 सुअर हैं। मुन्ना के मुताबिक 3 नवंबर की रात लगभग 9 बजे सभी सुअर घर से लगे कोठे के आसपास मौजूद थे। रात करीब 2 बजे सुअरों के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। देखा कि कुछ लोग इको वाहन में सुअर भरकर भाग रहे हैं।
प्रार्थी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मोहल्ले के सुशील देवार के साथ वाहन का पीछा किया। इसी दौरान बेलसोंडा रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन रुक गया और चालक को पकड़ लिया गया। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वाहन की जांच करने पर उसके अंदर प्रार्थी के दो सुअर मिले। वाहन में चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे।
शिकायत के अनुसार वाहन चालक की पहचान रितेश यादव के रूप में हुई। वहीं वाहन में सवार अन्य लोगों के नाम गुज्जर गोपाल, रनवीर फुलरिया, वीर फुलरिया, रितेश नेताम, सागर यादव, मनीष कुमार, कार्तिकराम एवं देव साहू बताए गए हैं। कोतवाली पुलिस के मुताबकि सभी आरोपी तेलीबांधा रायपुर के निवासी हंै।
प्रार्थी ने बताया कि आवाज सुनने के बाद रात को ही सुअरों की गिनती करने पर दो सुअर कम मिले। वाहन में बरामद दोनों सुअर उसके ही थे। जिनकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपए है। बताया कि इससे पहले भी उसके कुछ सुअर गायब हुए थे लेकिन उस समय उसे चोरी की आशंका नहीं हुई थी। बड़े मुन्ना देवार की लिखित शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303-2 एवं 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।