महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 3 नवंबर। स्थानीय वन विभाग ने जंगली सूअर का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, पिथौरा वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 263 में 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात आरोपियों ने विद्युत जीआई तार लगाकर जंगली सूअर का शिकार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित , पर्शन और सुखरू सभी निवासी ग्राम जर्रा (थाना बसना) के रूप में हुई है।
आरोपियों ने शिकार के बाद सूअर के मांस को छोटे टुकड़ों में काटकर आपस में बांटने और बेचने की बात स्वीकार की है। ग्रामीणों द्वारा घेराबंदी कर पकड़े जाने के बाद आरोपियों को वन कर्मियों के हवाले किया गया था।
वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से पक्का व कच्चा मांस, खून के धब्बे लगा हुआ कत्तल, घटना स्थल (कक्ष क्र. 263) से 5.400 किलोग्राम जीआई तार और 103 कांच की शीशियां जब्त की हैं। मांस को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।
यह कार्रवाई संयुक्त वनमंडलाधिकारी डिम्पी बैस के मार्गदर्शन और पिथौरा रेंजर डब्बू साहू के नेतृत्व में की गई, तथा मामले की आगे की जांच रेंजर अंतरंग पांडे द्वारा की जा रही है।