महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 29 अक्टूबर। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बाग़बाहरा नगर के सांस्कृतिक भवन में छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच द्वारा राष्ट्रीय चिंतन संवाद बौद्धिक सम्मेलन के तहत ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर विचार-विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं समसामयिक राजनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, भारतीय सेना तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्षी दलों के रुख पर वक्ताओं ने अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा उपस्थित रहीं। साथ में वक्ता के रूप में पूर्व सांसद महासमुंद चुन्नीलाल साहू तथा लौह शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रस्तावना कार्यक्रम प्रभारी नरेश चंद्राकर द्वारा प्रस्तुत की गई।
मुख्य वक्ता वर्णिका शर्मा ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर विस्तृत चर्चा करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता को निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं, डुप्लीकेट प्रविष्टियों तथा अन्य अपात्र नामों की नियमानुसार जांच करना देशहित में है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल में हुए चुनावी सुधारों के इतिहास तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों से आग्रह किया कि वे अपने आरोपों को तथ्यों के साथ प्रस्तुत करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जिम्मेदारीपूर्ण संवाद करें।
लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने कांग्रेस, सपा सहित विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग और स्ढ्ढक्र प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर आपत्ति व्यक्त की।
उनका कहना था कि चुनावी प्रक्रिया से संबंधित आरोपों और दावों पर चर्चा तथ्यों एवं प्रमाणों के आधार पर होनी चाहिए।
संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और राष्ट्रीय एकता पर जोर देते हुए पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशहित को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच की इस पहल में लोकतंत्र, सामाजिक सरोकारों एवं समसामयिक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श को बढ़ावा देने तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों के विचारों एवं सुझावों को साझा करने के उद्देश्य पर भी जोर दिया गया।
इस संवाद कार्यक्रम में खल्लारी क्षेत्र के डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षक, प्राचार्य, प्राध्यापक, इंजीनियर, उद्योगपति, उद्यमी, व्यापारी, बैंक एवं वित्तीय विशेषज्ञ, पत्रकार, संपादक, साहित्यकार, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान, तकनीकी विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, महिला नेतृत्व, शिक्षित युवा, जनप्रतिनिधिगण तथा अन्य विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया गया था,जिसमें खल्लारी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निवासरत सैकड़ों बुद्धिजीवियों ने भाग लिया ।
इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई।