महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूूबर। महासमुंद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ऑब्जर्वर व लोस सांसद डॉ.शोभा बच्छाव और प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने कल पत्रकार वार्ता के जरिए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से करोड़ों मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में जोडऩे की मांग की। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल,जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव,पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की आब्जर्वर एवं महाराष्ट्र के धुले लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. शोभा बच्छाव और प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने महासमुंद के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा एसआईअआर प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि देशभर में एसआई आर प्रक्रिया के तहत 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण लोगों के संवैधानिक मताधिकार प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस ने नाम हटाने के स्पष्ट कारण बताने, प्रभावित मतदाताओं को आपत्ति दर्ज कराने और अपील करने का अवसर देने के साथ ही मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं में से एक है। ऐसे में उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने 2023 के कानून के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति व्यवस्था में हुए बदलाव पर सवाल उठाए। साथ ही चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण से संबंधित धारा 16 का भी जिक्र किया।
कांग्रेस ने कहा कि आधिकारिक कर्तव्यों के नाम पर जवाबदेही कमजोर नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सुखबीर संधू और जोशी की ओर से 14 बार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पार्टी ने इन आपत्तियों पर स्पष्ट जवाब देने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर प्रक्रिया निरस्त करने, प्रभावित 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करन जैसी मांगें शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को जिला स्तर तक ले जाएगी।
मतदाता सूची में नाम कटने और जुडऩे से संबंधित शिकायतों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को अपने मताधिकार की रक्षा के लिए जागरूक और संगठित किया जाएगा।
कांग्रेस ने बताया कि केंद्र शासन के विरोध में आगामी 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन की रैली और विशाल आमसभा आयोजित की जावेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ी है। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता के बिना निष्पक्ष चुनाव की कल्पना नहीं की जा सकती।