महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूूबर। बसना विकासखंड की मामा-भांचा पहाड़ी शरद पूर्णिमा की रात पर एक बार फिर आस्था और लोकपरंपरा के रंग में रंगी है। आ रविवार को यहां पारंपरिक मेले का आयोजन हो रहा है। सदियों पुरानी धार्मिक मान्यताओं से जुड़े इस स्थल पर आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचते हैं। लोग यहां मामा-भांचा के पाषाण स्वरूप और पहाड़ी पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
गौरतलब है कि मामा-भांचा पहाड़ी केवल पूजा-पाठ का स्थल नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचल की लोकसंस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ी है। स्थानीय बुजुर्गों के बीच प्रचलित कथाओं और मान्यताओं ने इस जगह को अलग पहचान दी है। पीढिय़ों से चली आ रही परंपरा के अनुसार हर साल शरद पूर्णिमा की रात यहां मेला लगता है। इस दिन लोग परिवार के साथ पहुंचकर दर्शन-पूजन करते हैं और मेले में समय बिताते हैं।
मेले की खासियत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ग्रामीणों का आपसी मेल-मिलाप भी है। अलग-अलग गांवों से आने वाले लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं। बच्चों और युवाओं को भी इस आयोजन के जरिए क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं और लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलता है। इस तरह मेला ग्रामीण जीवन में आस्था के साथ सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करता है।
मामा-भांचा पहाड़ी का क्षेत्र खोकसा, संतपाली, लोहड़ीपुर,बनडबरी और कुसमुर सहित आसपास के गांवों तक फैला है। मामा-भांचा गांव से यह पहाड़ी 5 किलोमीटर दूर स्थित है। शरद पूर्णिमा पर यहां होने वाला आयोजन आसपास के गांवों के धार्मिक जीवन का अहम हिस्सा माना जाता है। हर साल की तरह इस बार भी मेले में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। मामा-भांचा पहाड़ी इन गांवों की साझा आस्था और पीढिय़ों से चली आ रही परंपरा की पहचान बनी हुई है।