महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूूबर। नगर पालिका परिषद महासमुंद के वार्ड क्रमांक 29 भलेसर रोड में बड़े नाले के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर समस्त वार्डवासियों ने नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू को ज्ञापन सौंपा है। वार्डवासियों का कहना है कि नाली की बदबू और जलभराव की समस्या से पूरा वार्ड परेशान है और निर्माण में हो रही देरी से उनमें आक्रोश है।
ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पालिका द्वारा वार्डवासियों की सुविधा एवं सुचारू जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है जो क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इस निर्माण कार्य के लिए अग्रवाल समाज के भवन एवं आरएसएस समरसता भवन द्वारा जनहित में सहयोग करते हुए लगभग 10 फीट की बाउंड्रीवॉल स्वयं तोडक़र जमीन नगर पालिका को सुपुर्द कर दी गई है जो जनहित का जीवंत उदाहरण है।
बताया कि नाली निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है, कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वार्डवासियों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्माण में उत्पन्न बाधा को दूर कर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु निर्देश दिए जाएं। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जनहित और नगरहित में सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। अग्रवाल समाज और आरएसएस समरसता भवन का सहयोग सराहनीय है जिन्होंने अपनी लगानी भूमि नाली निर्माण के लिए दी है लेकिन एक व्यक्ति जो शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे छोडऩे को तैयार नहीं है और जनहित के कार्य में अड़ंगा डाल रहा है जिससे वार्डवासियों में नाराजगी है। नागरिकों ने पहले भी शिकायत की थी कि वार्ड के अन्य जगहों पर भी ेक व्यक्ति द्वारा कब्जा का प्रयास किया गया था। जिसे वार्डवासियों के विरोध के बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके अलावा नगर पालिका के मोहर्रिर को भी अनैतिक रूप से दबाव डालकर कब्जा जमीन का टैक्स उनके नाम पर काटने की बात कही गई थी। जनहित के कार्यों में इस प्रकार की बाधा उचित नहीं है।