महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूूबर। प्रो डॉ.अनुसुइया अग्रवाल प्राचार्य स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद ने संपर्क भाषा हिंदी चुनौतियां एवं संभावनाएं विषय पर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विशेष अतिथि की आसंदी से कहा कि बहुत उदारता के साथ हिंदी अन्य भाषाओं को अपना लेता है और अपने भीतर समाहित कर लेता है। यह संगोष्ठी 16 अक्टूबर को शासकीय दाऊ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलौदाबाजार के हिंदी विभाग द्वारा आयोजित थी।
मुख्य अतिथि प्रतिनिधि एमएस पाध्ये सदस्य जनभागीदारी समिति ने संगोष्ठी के आयोजन की सराहना करते हुए हिंदी विभाग एवं महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की। विशेष अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉ. अनुसुइया ने कहा कि हिंदी भाषा वैज्ञानिक और समृद्ध भाषा है। हिंदी जैसी लिखी जाती है, ठीक वैसी ही बोली जाती है। इसकी लिपि देवनागरी है। देवनागरी लिपि की वर्णमाला पूरी तरह वैज्ञानिक क्रम में व्यवस्थित है। इसमें कंठ्य, तालव्य, मूर्धन्य आदि के आधार पर स्वरों और व्यंजनों का वर्गीकरण बहुत सटीक ढंग से किया गया है। इसके प्रत्येक ध्वनि के लिए एक निश्चित वर्ण है। बहुत उदारता के साथ हिंदी अन्य भाषाओं को अपना लेता है और अपने भीतर समाहित कर लेता है। आज हिंदी में अरबी, फारसी, अंग्रेजी जैसे स्टेशन, स्कूल, कंप्यूटर, तुर्की और पुर्तगाली शब्दों का धड़ल्ले से प्रयोग होता है इसलिए हिंदी अनूठी है।
बाद के सत्र में कविता के माध्यम से भी सामाजिक परिवर्तन और रचनात्मक चेतना की आवश्यकता को डॉ अग्रवाल ने रेखांकित किया। उन्होंने हिंदी भाषा एवं साहित्य में शोध और अनुसंधान की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गंभीर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भाषा और साहित्य को सामाजिक चेतना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
संगोष्ठी के दूसरे विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. जी ए घनश्याम ने कहा कि भारत की वास्तविक समृद्धि उसकी भाषाई विविधता में निहित है। उन्होंने हिंदी के विकास को अन्य भारतीय भाषाओं के संरक्षण एवं सम्मान से जोड़ते हुए भाषाई प्रतिस्पर्धा के स्थान पर समन्वय और संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं के बीच परस्पर सहयोग से ही भारतीय भाषायी संस्कृति को समृद्ध बनाया जा सकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.धनंजय मिश्रा ने विषय की अकादमिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को गंभीर अध्ययन एवं चिंतन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को शैक्षणिक वातावरण और शोधपरक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
संगोष्ठी के संयोजक एवं हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ. हीरालाल शर्मा ने विषय के औचित्य और वर्तमान संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता को स्पष्ट किया। हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ.रीता यादव ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। लगभग 500 से अधिक संख्या में जुटे लाभान्वितों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थीयों के इस वृहद संगोष्ठी में विद्वानों ने हिंदी की संपर्क भाषा के रूप में भूमिका, भारतीय भाषाओं के संरक्षण, भाषाई विविधता तथा समकालीन परिदृश्य में हिंदी की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन शोध छात्र दीपक कुमार तिवारी ने तथा आभार हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.राजेंद्र वर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालयीन पत्रिका वसुंधरा एवं डॉ.हीरालाल शर्मा की पुस्तक छत्तीसगढ़ परंपरा प्रयोग का विमोचन किया गया।