महासमुन्द

पति-पत्नी के बीच मारपीट, केस दर्ज
22-Oct-2026 6:56 PM
 पति-पत्नी के बीच मारपीट, केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 22 अक्टूबर। सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोंढरकसा में पति-पत्नी के बीच पुरानी घरेलू बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया कृष्णा साई ने शिकायत में बताया कि 19 अक्टूबर की सुबह 7 से 8 बजे के बीच पुरानी घरेलू बात को लेकर उनके पति राजेश साई और ससुर नुराधन साई ने उनके साथ गाली-गलौज की।

आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट भी की। विवाद बढऩे पर कृष्णा साई ने अपने भाई कान्हा साहू और चाचा टिकेश्वर साहू को बुलाया। ताकि वे मौके पर पहुंचकर बीच बचाव कर सकें। प्रार्थिया का आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे उनके भाई और चाचा के साथ भी मारपीट की गई।

इस घटना में कृष्णा साई के हाथ, सीने, कंधे और सिर में चोटें आईं। वहीं उनके भाई और चाचा को भी चोट लगने की शिकायत की गई है। दूसरी ओर राजेश साई 34 वर्ष ने भी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पत्नी कृष्णा साई के साथ घरेलू विवाद होने के दौरान पत्नी ने अपने भाई कान्हा साहू और चाचा टिकेश्वर साहू को बुला लिया। राजेश के मुताबिक दोनों घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।    

राजेश का कहना है कि जब उनके वृद्ध पिता नुराधन साई बीच-बचाव करने पहुंचे तो टिकेश्वर साहू ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना में राजेश के सिर,हाथ और पीठ में चोटें आईं। जबकि उनके पिता के चेहरे और पीठ पर चोट लगी है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध आरोप लगाए हैं। सांकरा पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296,115-2,351-2 और 3-5 के तहत परस्पर अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट