महासमुन्द

नाचा देखने गए छात्र के गले में चाकू अड़ाकर मारपीट, 3 पर जुर्म दर्ज
21-Oct-2026 7:20 PM
नाचा देखने गए छात्र के गले में चाकू अड़ाकर मारपीट, 3 पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 अक्टूबर। महासमुंद जिले के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम बड़े साजापाली में सांस्कृतिक कार्यक्रम (नाचा) देखने गए 11वीं कक्षा के एक छात्र के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त छात्र की शिकायत पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदा नवागांव निवासी मनीष साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 16 अक्टूबर की रात अपने दोस्तों के साथ ग्राम बड़े साजापाली में नाचा देखने गया था। रात करीब 9 बजे कान्हा बाघ, शुभम दास और राम दास मानिकपुरी वहां पहुंचे और उसे तालाब के पास ले जाकर पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगे।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी कान्हा बाघ ने छात्र के गले पर चाकू रखकर धमकी दी, जबकि अन्य दो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के पश्चात भय के कारण छात्र ने शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।

बाद में, 19 अक्टूबर को उसने अपने पिता और ग्रामीणों को पूरी घटना से अवगत कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की आगे की विवेचना की जा रही है।


अन्य पोस्ट