महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व के समापन पर बुधवार को नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं और जोत-जवारा का विसर्जन किया गया। विभिन्न समितियों द्वारा प्रतिमाओं की झांकी निकालकर नगर भ्रमण कराया गया, जिसके पश्चात पुरानी बस्ती तालाब में विधि-विधान से माता की प्रतिमाओं को विदाई दी गई।
नौ दिनों तक चली आराधना के उपरांत बुधवार सुबह से ही विभिन्न समितियों के संचालक झांकियों के साथ विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुए। इस दौरान परंपरा के अनुसार भक्त अपने गाल में त्रिशूल रूपी लोहे का बाना आर-पार कर देवी माता सेवा गीतों व ढोल, मांदर और झांझ की थाप परकी धुन में झूमते गाते चलते हैं।आरती और पूजन के पश्चात प्रतिमाओं और जवारा का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पेयजल और भंडारे की व्यवस्था की गई थी।