महासमुन्द

सुंदर होगा टाउन हॉल-श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक भी बनेगा
21-Oct-2026 7:17 PM
सुंदर होगा टाउन हॉल-श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक भी बनेगा

पीआईसी बैठक में शहर विकास के प्रस्तावों को मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 21 अक्टूबर। सोमवार को नगर पालिका में प्रेसीडेंट इन कौंसिल की बैठक पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में आहुत हुई। उक्त बैठक में महत्वपूर्ण एजेंडों पर विचार कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हर वार्ड में अधोसंरचना मजबूत हो, शहर सुंदर और व्यवस्थित दिखे, यही हमारा लक्ष्य है। टाउन हॉल और प्रमुख चौकों के विकास से शहर की पहचान और संस्कृति दोनों को नया आयाम मिलेगा।

बैठक में सबसे पहले कौशिक कॉलोनी में अधोसंरचना मद अंतर्गत चार स्थानों पर सीसी रोड निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 73 लाख रुपए के प्रस्ताव, वार्ड क्रमांक 06 में राजपूत समाज भवन में रंगमंच निर्माण,अस्थायी पटाखा दुकान आबंटन,टाउन हॉल के सौंदर्यीकरण के लिए 23 लाख रुपए की लागत से टेंडर आमंत्रित करने, 30 लाख रुपए की लागत से श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक निर्माण एवं उनकी प्रतिमा स्थापित करने के महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में एबीसी सेंटर निर्माण कार्य हेतु प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति की पुष्टि, मरम्मत संधारण मद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 से 30 तक प्राप्त न्यूनतम दरों पर विचार, पार्षद निधि अन्य मद तथा अध्यक्ष निधि अन्य मद अंतर्गत वार्डों में कराये जाने वाले कार्यों की दरों पर भी विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए गए। इस दौरान जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के प्राप्त आवेदनों के निराकरण,   अधोसंरचना मद एवं 15वें वित्त मद अंतर्गत सात विकास कार्यों, विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु ई.निविदा के माध्यम से प्राप्त न्यूनतम दरों तथा वार्ड क्रमांक 03 में दो स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्यों की स्वीकृति की पुष्टि की गई। बैठक में नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति ज्योति चंद्राकर, जयकुमार देवांगन, जितेंद्र ध्रुव, बबलू नायक व प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट