महासमुन्द
धान खरीदी और गिरदावरी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 19 अक्टूबर। महासमुंद जिले में पटवारी संघ की चल रही हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने धान खरीदी से पूर्व पीवी ऐप के माध्यम से गिरदावरी कार्य और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर चिंता व्यक्त की है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्तमान में खेतों में स्थिति (कीचड़, मेड़ आदि) और पुराने नक्शों के आधार पर पीवी ऐप के जरिए तत्काल गिरदावरी और सत्यापन कार्य पूरा करने में व्यावहारिक कठिनाइयां आ सकती हैं, जिससे धान खरीदी प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।
रबी फसल के दौरान सिंचाई जल, बिजली आपूर्ति, फसल बीमा वसूली, एग्रीस्टेक पंजीयन और टोकन व्यवस्था जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए किसानों को राहत देने की मांग की गई है।
समर्थन के दौरान पटवारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने, राजस्व निरीक्षक के पद केवल पटवारियों से भरने तथा कार्रवाई के तहत निलंबित किए गए पटवारियों को बहाल करने की मांग उठाई गई।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि किसानों को फसल बेचने में समस्या उत्पन्न होती है, तो कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।