महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अक्टूबर। शहर के गंजपारा स्थित एक दुकान संचालक पर सार्वजनिक गली में कचरा फेंकने तथा सफाई व्यवस्था बनाने पहुंचे नगर पालिका कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रिया वस्त्रालय के संचालक हेमंत बोथरा और उनके पुत्र वैभव बोथरा पर लंबे समय से गंजपारा प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी जाने वाले मार्ग पर दुकान का कचरा एवं कबाड़ फेंकने के आरोप हैं। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर जब नगर पालिका की टीम मौके पर सफाई करने पहुंची, तो आरोप है कि दुकान संचालकों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई।
विवाद के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों ने सार्वजनिक गली में जमा कचरा हटाकर दुकान के सामने एकत्र कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज करने हेतु आवेदन सौंपा है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना और सफाई कर्मियों के कार्य में बाधा डालना नियमों के विरुद्ध है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर की स्वच्छता, आम नागरिकों की सुविधा और नगर पालिका कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, साथ ही आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की अपील की गई है।