महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा , 12 अक्टूबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड में शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिला सशक्तीकरण की एक अनूठी तस्वीर सामने आ रही है। आज बागबाहरा की नौ महिलाएं अपने-अपने कार्यक्षेत्र प्रशासन, राजस्व, स्थानीय निकाय, राजनीति, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा और गृहस्थी में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज को नई दिशा दे रही हैं। यह केवल पदों की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस बदलती सामाजिक सोच का प्रतीक है जहाँ महिलाओं की पहचान उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से बन रही है।
नमिता मारकोले (एसडीएम, बागबाहरा)- उपखंड स्तर पर प्रशासनिक और राजस्व व्यवस्था की कमान संभालते हुए वे जनसेवा में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उनका मानना है कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व की बागडोर संभालनी चाहिए।
प्रेरणा सिंह (तहसीलदार, बागबाहरा)- राजस्व प्रशासन का संचालन कर रही प्रेरणा सिंह महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर देती हैं। उनके अनुसार, समाज और परिवार को बच्चों को समानता और महिलाओं के सम्मान के संस्कार देने चाहिए।
नंदनी वर्मा (नायब तहसीलदार, तेंदुकोना)-राजस्व क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे रही नंदनी वर्मा का मानना है कि शिक्षा, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें समान अवसर मिलें।
मनीषा देवांगन (तहसीलदार, कोमाखान)- प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में कार्य कर रही हैं।
खिलेश्वरी बघेल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद)- स्थानीय स्वशासन का नेतृत्व करते हुए वे नगर के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही हैं, जिससे निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका मजबूत हो रही है।
मोनिका साहू (भाजपा प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ)- राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय मोनिका साहू का मानना है कि आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त नारी ही एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।
भावना गुप्ता (परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास)- महिलाओं और बच्चों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए समर्पित भावना गुप्ता, कुपोषण मुक्ति, किशोरियों की शिक्षा और महिला स्व-रोजगार योजनाओं के प्रभावी संचालन में जुटी हैं।
डॉ. सीमा बीनकर जैन (मेडिकल ऑफिसर)- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 20 वर्षों से सेवाएं दे रहीं डॉ. सीमा का मानना है कि स्वस्थ नारी ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव है।
उमेश्वरी सेन (गृहणी)-गृहस्थ जीवन की जिम्मेदारी संभालते हुए वे परिवार की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं। उनके त्याग, समर्पण और संस्कारों से न केवल परिवार बल्कि आने वाली पीढिय़ों का भविष्य संवरता है।
बागबाहरा की इन नौ महिलाओं के संदेश स्पष्ट हैं—नारी सशक्तीकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वतंत्रता और निर्णय लेने के अधिकार से जुड़ी एक व्यापक प्रक्रिया है। खल्लारी और चंडी माता की इस धरती से यह संदेश मिलता है कि जब नारी को अवसर और स्वतंत्रता मिलती है, तो वह पूरे समाज के लिए एक नई राह तैयार करती है।