महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12अक्टूबर। रविवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने ग्राम खट्टी में मां सोनई रूपई देवी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से ज्योत जलाकर पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने माता से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के प्रथम दिन मां सोनई-रूपई के दर्शन होना परम सौभाग्य की बात है। नवरात्रि में माता के दर्शन और पूजा-अर्चना विशेष फलदायी होता है। माता के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है।
उन्होंने आगे कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति,भक्ति और आस्था का प्रतीक है। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की जीत, सत्य के मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। नवरात्रि हिंदू धर्म का एक प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्व है, जो मां दुर्गा की आराधना और शक्ति की उपासना को समर्पित है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं।
नवरात्रि के प्रथम दिन माता शैलपुत्री की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी के साथ भक्तजन नौ दिनों तक व्रत, उपवास, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से माता की आराधना कर परिवार एवं समाज के मंगल की कामना करते हैं। नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार एवं समाज की मंगलकामना की।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री माखन सिन्हा, वरिष्ठ भाजपा नेता पवन पटेल, संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, सोसायटी अध्यक्ष पवन साहू, रमेश शर्मा शक्ति केंद्र प्रभारी, रूपलाल ध्रुव, गोविंद साहू, हीरामन निषाद, होरीलाल साहू, कमलेश ध्रुवंशी, उदयराम मोंगरे, तोरण लाल ध्रुव सहित श्रद्धालु उपस्थित थे।