महासमुन्द
थाना प्रभारी को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज करने अनुरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 11 अक्टूबर। नगर पालिका क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित सामग्री की चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं को नगर पालिका प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। नगर के 9 अलग-अलग स्थानों पर जलापूर्ति से संबंधित सामग्री चोरी होने की घटनाओं के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने थाना प्रभारी को पत्र प्रेषित कर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
प्रकरण की गंभीरता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी में रखने के उद्देश्य से थाना प्रभारी को प्रेषित पत्र की सूचनार्थ प्रतिलिपि नगर पालिका अध्यक्ष, कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भी प्रेषित की गई है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था नगरवासियों से सीधे जुड़ी आवश्यक नागरिक सेवा है। जलापूर्ति के लिए स्थापित पाइप, वाल्व, केबल, मोटर एवं अन्य सामग्री नगर की सार्वजनिक संपत्ति है। इन सामग्रियों की चोरी से नगर पालिका को आर्थिक नुकसान होने के साथ.साथ जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना के रूप में नहीं लिया जा सकता। चोरी की घटनाओं पर नियमानुसार पुलिस कार्रवाई आवश्यक है। ताकि दोषियों की पहचान हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक संपत्ति से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नगर पालिका अथवा पुलिस को दें।
जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार ने बताया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को संचालित करने के लिए आवश्यक पाइपलाइन, वाल्व,केबल, मोटर एवं अन्य उपकरण स्थापित किए गए हैं। इन सामग्रियों की चोरी होने पर संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में कठिनाई होती है तथा नगर पालिका को अतिरिक्त मरम्मत एवं प्रतिस्थापन व्यय भी करना पड़ता है।