महासमुन्द

सरकारी जमीन बेची, कार्रवाई की अनुशंसा
08-Oct-2026 8:04 PM
 सरकारी जमीन बेची, कार्रवाई की अनुशंसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अक्टूबर। महासमुंद जिले के ग्राम सरीफाबाद में सरकारी जमीन/तालाब को निजी व्यक्ति के नाम स्थानांतरित करने का मामला राजस्व जांच रिपोर्ट के बाद गहरा गया है।

 जांच में खसरा नंबर 323 (रकबा 1.65 हेक्टेयर) को पुराने अभिलेखों, मिसल बंदोबस्त (1986-87) एवं वर्तमान स्थिति के अनुसार शासकीय तालाब पाया गया है। इसके बावजूद जमीन का क्रय-विक्रय कर राजस्व रिकॉर्ड में निखिल अग्रवाल का नाम दर्ज कर दिया गया। राजस्व निरीक्षक सांकरा द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को प्रस्तुत रिपोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 जांच रिपोर्ट के अनुसार, पुराना खसरा नंबर 214-7 (शासकीय भूमि/तालाब) बाद में पट्टे के रूप में नया खसरा नंबर 323 बना। पट्टा जारी करते समय मौके का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया, जिसके कारण निस्तारी तालाब की सरकारी भूमि पट्टे में चली गई।

विक्रेता योगेश कुमार साहू के नाम दर्ज इस भूमि की रजिस्ट्री उप-पंजीयक कार्यालय पिथौरा में कराई गई, जिसके पश्चात वर्तमान राजस्व अभिलेखों में खरीदार निखिल अग्रवाल का नाम दर्ज हो गया।

 शिकायतकर्ताओं ने पटवारी राजेंद्र डोंगरे पर वास्तविक स्थिति (तालाब) की जानकारी होने के बाद भी दस्तावेजों में हेरफेर कर निजी हस्तांतरण में सहयोग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि मौके पर खसरा नंबर 323 में पानी भरा है और ग्रामीण इसका उपयोग निस्तारी के लिए करते हैं। भूमि पर किसी का निजी कब्जा नहीं है। जांच में इस बिक्री को पूरी तरह अनुचित करार देते हुए उक्त जमीन को पुन: ‘शासकीय भूमि/तालाब’ के रूप में दर्ज करने की अनुशंसा की गई है।


अन्य पोस्ट