महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 अक्टूबर। बलौदाबाज़ार वनमंडल के अंतर्गत बारनवापारा अभ्यारण्य द्वारा वन्यजीव संरक्षण सप्ताह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत अभ्यारण्य क्षेत्र के 18 गांवों के 60 युवक-युवतियों को 5 दिवसीय नि:शुल्क रोजगारमूलक कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य वनों पर आजीविका की निर्भरता घटाकर युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोडऩा है।
युवाओं के क्षमता विकास हेतु मुख्यत: तीन क्षेत्रों इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर और ब्यूटी पार्लर में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को प्रकृति, वनों के महत्व, वन्यजीवों की जैव विविधता और मानव जीवन पर उनके प्रभाव के विषय में जागरूक किया जा रहा है।
अभ्यारण्य अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने बताया कि इस पहल से ग्रामीणों को अतिरिक्त आय व स्थानीय स्तर पर आत्म-रोजगार के साधन मिलेंगे, जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका में सुधार होगा तथा वन और वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग मिलेगा।