महासमुन्द

बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी, मुख्य आरोपी आंध्र से बंदी
04-Oct-2026 7:52 PM
बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी, मुख्य आरोपी आंध्र से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 अक्टूबर। बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी के मुख्य आरोपी बी लक्ष्मण डोरा को महासमुंद पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने कमीशन का लालच देकर खाते खुलवा और एटीएम चेकबुक सिम साइबर अपराधियों तक पहुंचाया। साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग के पैसों के लेन-देन में इस्तेमाल बैंक खातों का खुलासा करते हुए पुलिस का कहना है कि आरोपी ने ग्रामीणों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर साइबर अपराध को बढ़ावा दिया था। आरोपी के खिलाफ थाना बसना में अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजकुमार ताण्डी निवासी ग्राम मनकी ने 20 अगस्त को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने प्रार्थी और अन्य ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने पर 1,500 से 20,000 रुपए तक कमीशन दिलाने का लालच दिया था। प्रार्थी और उसके साथियों के बैंक खाते खुलवाने के बाद आरोपियों ने कंपनी में वेरीफाई कराने के बहाने उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड ले लिए और साइबर अपराधियों को बेच दिए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना और पूर्व में पकड़े गए आरोपियों सुनील, दुर्गा, थिमोथी, छतरिया और हेमलाल चौहान से यह खुलासा हुआ कि वे आंध्र प्रदेश निवासी बी लक्ष्मणा और चंद्राराव के कहने पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें देते थे। जिनका उपयोग वे सायबर फ्रॉड शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के भारी लेन-देन के लिए करते थे। इसके एवज में उन्हें कमीशन मिलता था।

इसी आधार पर थाना बसना की पुलिस टीम ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश दी। दो अक्टूबर को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बी.लक्ष्मणा डोरा को पोलावरम आंध्र प्रदेश से पकड़ा। आरोपी को आगे की कानूनी कार्यवाही हेतु न्यायालय बसना के समक्ष पेश किया गया और इसके बाद जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट