महासमुन्द
कहीं मुरमुरा व मिक्सचर, तो कहीं बिस्किट से पेट भर लिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 सितम्बर। केंद्र सरकार की पीएम पोषण योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बच्चों को पौष्टिक भोजन देना है, लेकिन महासमुंद जिले में रसोइयों की हड़ताल के बाद इसकी जमीनी तस्वीर अलग दिखी। तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने से नाराज जिले के 3,637 मध्यान्ह भोजन रसोइए बीते दो दिनों से बेमियादी हड़ताल पर हैं। रसोइयों के काम बंद करने के बाद स्कूलों में भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था का दावा किया गया था, लेकिन कल मंगलवार को भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में कई स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन की जगह सूखा नाश्ता देते हुए पाया गया।
मालूम हो कि जिले के 1,809 सरकारी स्कूलों में 1 लाख 8 हजार 712 बच्चे पीएम पोषण योजना से लाभान्वित होते हैं। लेकिन तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने पर 3,637 रसोइए अभी बेमियादी हड़ताल पर हैं। लिहाजा भोजन की थाली से पोषण गायब है।
अव्यवस्था को लेकर महासमुंद बीईओ भोपाल सिंह बंजारा ने कहा कि संचालन समितियों को वैकल्पिक भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना है कि मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने पर समय से पहले स्कूल बंद करना गंभीर लापरवाही है और संबंधितों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
डीईओ बीएल देवांगन ने कहा कि रसोइयों की समस्या का समाधान कर लिया गया है। उनके मुताबिक पोर्टल बदलने के कारण मानदेय अटक गया था। अब केंद्र सरकार से सीधे रसोइयों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर होगी। उन्होंने जल्द स्थिति सामान्य होने की बात कही।
जानकारी अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला, गुडरूपारा में 35 बच्चों की दर्ज संख्या है। यहां भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी जानकी महिला स्व-सहायता समूह की है, लेकिन समूह ने व्यवस्था करने में असमर्थता जताई। इसी तरह पीएमश्री बृजराज शाला में कल उपस्थित 180 बच्चों को भोजन के बदले 5-5 रुपए वाले बिस्किट के पैकेट दिए गए।
प्राथमिक शाला गंजपारा में दोपहर 1.30 बजे बच्चों को चिक्की और बिस्किट दिए गए थे। भोजन की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई परिजन बच्चों को दोपहर में ही घर ले गए। स्कूल प्रबंधन ने अधिकारियों को जानकारी दी कि बिना भोजन के भूखे बच्चों को स्कूल से छुट्टी भी कर दी।
जानकारी अनुसार पीएम पोषण योजना के तहत प्राथमिक स्तर के प्रत्येक बच्चे को रोज 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन देने का प्रावधान है। इसके लिए 100 ग्राम चावल, 20 ग्राम दाल और 50 ग्राम हरी सब्जी निधर्धारित है।