महासमुन्द
महासमुन्द, 30 सितम्बर। बसना भंवरपुर क्षेत्र में एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों को साथ लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी महिला और दोनों बच्चियों की कोई जानकारी नहीं मिलने से पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। जानकारी के अनुसार भंवरपुर निवासी रविलाल पटेल ने रिपोर्ट में बताया है कि उनकी पत्नी गुंजा पटेल 27 सितंबर सुबह अपनी दो बेटियों को लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई। घर से निकलने के बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश शुरू की।
आसपास के क्षेत्रों में जानकारी ली गई। इसके बाद परिचितों, रिश्तेदारों तथा संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई। लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला और दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।