महासमुन्द
2 दिन में समाधान का भरोसा टूटने पर भडक़ा गुस्सा, खाली पेट घर लौटे बच्चे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महमसुंद, 29 सितम्बर। जिले के सरकारी स्कूलों में कल सोमवार को चूल्हा ठंडा ही रहा। दोपहर की घंटी बजते ही भोजन की आस में बैठे सैकड़ों बच्चे खाली पेट घर लौटने को मजबूर हो गए। क्योंकि 3 माह से मानदेय न मिलने से नाराज 3637 रसोइयों ने बेमुद्दत हड़ताल शुरू कर दी है।
सोमवार को महासमुंद के ज्यादातर स्कूलों में चूल्हे नहीं जले। हालांकि गंजपारा प्राथमिक शाला और बीईओ दफ्तर स्थित पीएम बृजराज शाला में कुछ रसोइयां खाना बना रही थीं। हड़ताली रसोइयों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वहां बन रहे भोजन को तुरंत बंद कराया। साथी रसोइयों को समझाकर अपने साथ हड़ताल में शामिल किया।
रसोइयों का कहना है कि 16 जून को नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद से रसोइयों को एक भी रुपया नहीं मिला। वर्तमान में जिले की स्सोइयों का 2.18 करोड़ हजार का मानदेय अटका हुआ है। रसोइया संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने साफ कहा है कि जब तक बैंक खातों में पूरा मानदेय नहीं आ जाता, तब तक कोई भी रसोइया स्कूल में खाना नहीं बनाएगी। बताया जा रहा है कि बेमियादी हड़ताल पर जाने से एक हफ्ता पहले स्सोइया संघ डीईओ बीएल देवांगन से मिला था। डीईओ ने 2 दिन में भुगतान का लिखित गया आश्वासन दिया था। हफ्ता बीतने के बाद भी पैसा नहीं आया। सोमवार को नाराज रसोइयां बीईओ कार्यालय पहुंचीं। बीईओ गोपाल सिंह बंजारे ने फिर 3 दिन की मोहलत मांगी। बार-बार मिल रहे इस दिलासे से उग्र रसोइयों ने बीईओ के आश्वासन को खारिज कर दिया। चेतावनी भी दी जब तक वेतन नहीं, तब तक स्कूलों में मध्यान्ह भोजन नहीं बनाएंगे।
रसोइया संघ की मांगों में लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान, हर महीने समय पर वेतन, कलेक्टर दर पर मानदेय, दुर्घटना होने पर मुफ्त इलाज, नए उपकरण व ड्रेस कोड, सुख्क्षा के लिए हर साल नए कुकर की मांग शामिल हैं। उनका कहना है कि महासमुंद जिले के सरकारी स्कूलों में रसोइयों को खाना पकाने के लिए सरकार की ओर से दिए गए कुकर 3 साल से ज्यादा पुराने हो चुके हैं। ये कुकर कभी भी फट सकते हैं। दो साल पहले बागबाहरा के सरकारी स्कूल में खाना बनाते वक्त कुकर फटने से एक रसोइया गंभीर रूप से झुलस गई थी।
उसे 15 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। इसके अलावा रसोइयों को सिर्फ 2000 रुपए मासिक मानदेय मिलता है। 3 महीने से यह राशि भी न मिलने से रसोइयों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। राशन दुकानों से उधार लेकर घर चलाना पड़ रहा है। बीमारी के इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। —