महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 27सितम्बर। जिले बसना क्षेत्र स्थित ग्राम कुडेकेल में नया मोबाइल फोन खरीदने की बात को लेकर पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक युवक ने कथित रूप से अपनी ही मां के साथ मारपीट करते हुए ईंट के टुकड़े से हमला कर दिया।
इस घटना में मां के दाहिने हाथ की कलाई और सीने के पास चोट आने की बात सामने आई है। इसके अगले दिन आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ भी गाली-गलौज करते हुए ईंट फेंककर हमला करने का प्रयास किया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुडेकेल निवासी मंजू सिदार ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन सुबह वह अपने घर के सामने गली में मौजूद थी।
इसी दौरान उसका बेटा डिलेश्वर सिदार नया मोबाइल खरीदने की बात को लेकर उसके साथ विवाद करने लगा। इस दौरान आरोपी ने आपा खो दिया। इसके बाद पास में पड़े ईंट के टुकड़े से अपनी मां पर हमला कर दिया। ईंट लगने से उसके दाहिने हाथ की कलाई तथा सीने के पास चोट आई।
घटना के बाद परिवार में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पीडि़ता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अगले दिन सुबह बजे डिलेश्वर सिदार ने एक बार फिर मोबाइल खरीदने की बात को लेकर अपनी पत्नी सरिता सिदार से विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान उसने अपनी पत्नी को अश्लील गालियां दीं और ईंट का टुकड़ा उठाकर उसकी ओर फेंकते हुए हमला करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख सरिता सिदार ने तत्काल स्वयं को बचाने के लिए कमरे के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। इस कारण वह ईंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।
शिकायत में पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी द्वारा लगातार गाली-गलौज और हमले की कोशिश किए जाने का उल्लेख किया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी डिलेश्वर सिदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और धारा 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। जांच की जा रही है।