महासमुन्द

स्कूल में पंखा टूटकर प्रधान पाठक पर गिरा
25-Sep-2026 4:03 PM
 स्कूल में पंखा टूटकर प्रधान पाठक पर गिरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 सितंबर। बागबाहरा के ग्राम हरनादादर शंकरपारा स्थित प्राथमिक स्कूल में कक्षा संचालन के दौरान छत पर लगा लोहे का पंखा प्रधान पाठक टीकमचंद निषाद पर गिर गया। हादसे में उनके सिर और नाक पर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन कमरों वाले इस स्कूल भवन के संबंध में बताया गया कि पंखा बंद था, लेकिन हुक में जंग लगने के कारण वह नीचे गिर गया।

घटना के बाद प्रशासन ने स्कूल में अध्ययनरत 18 बच्चों को पास के आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानांतरित कर दिया है। मामले में बागबाहरा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने कहा कि बागबाहरा ब्लॉक के 396 सरकारी स्कूलों में 100 से ज्यादा भवनों का जर्जर होना चिंता की बात है। हरनादादर के स्कूल में पंखा गिरने की घटना ने इस खतरे को सामने ला दिया है। वहीं डीईओ बीएल देवांगन ने बताया कि जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित न करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट