महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर। महासमुंद में 2 मामले में एक करोड़ से अधिक का गांजा जब्त कर महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 132 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। टीम ने ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से इनोवा कार में अवैध गांजा लाया जा रहा है। पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद ओडिशा की ओर से आ रही इनोवा को रोका गया। तलाशी में कार से 132 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि गांजा तुमुड़ीबंध, कंधमाल ओडि़शा से लोड किया गया था। इसे पुणे ले जाया जा रहा था। आरोपियों की पहचान गणेश बाजे और विपुल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पुणे के निवासी हैं। मौके से 66 लाख कीमत का 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एक अन्य मामले में महासमुंद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे.353 पर टेमरी जांच नाका के पास कार्रवाई करते हुए 80.400 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कार में ओडि़शा से छत्तीसगढ़ की और गांजा लाया जा रहा है। टीम ने नाकाबंदी कर एनएच 353 ग्राम टेमरी जांच नाका में नाकाबंदी कर उक्त संदेही वाहन का इंतजार किया। कुछ देर बाद संदेही वाहन सामने से आई। उसे रोक कर पूछताछ की गई तो चालक ने अपना नाम अभिजीत डिगाल ओडिशा एवं चालक के बगल सीट में बैठी महिला ने अपना नाम जयश्री प्रधान ओडिशा बताया। बताया कि वाहन में गांजा है जिसे कंधमाल ओडि़शा से रायपुर छत्तीसगढ़ ले जा रहे हैं।
दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 20 ख का अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को जेल भेजा गया है। बरामद 80 किलो गांजे की कीमत 40 लाख 20 हजार, 2 मोबाइल कीमती 20 हजार, एक कार कीमती 8 लाख बताई गई है।