महासमुन्द

डिप्टी सीएम साव ने सरायपाली में किया 178 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
24-Sep-2026 3:31 PM
डिप्टी सीएम साव ने सरायपाली में किया 178 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

कहा-सरायपाली के विकास के लए राशि की कमी नहीं होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 सितम्बर। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं खेल युवा कल्याण विभाग मंत्री अरुण साव बुधवार को नई मंडी प्रांगण सरायपाली में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र के लिए 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 154 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

       इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरीनंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जिला स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन अंतर्गत रेट्रो फिटिंग एवं एकल ग्राम योजना कुल 24 ग्रामों में  पेयजल सुविधा के लिए 18.61 लाख, नगर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 510 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार एसटीपी निर्माण से संबंधित 10.21 करोड़ रुपए तथा जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत 139.55 करोड़ रुपए के विकास कार्य एवं 512 लाख रुपए के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।  इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोई भी शुभ कार्य होता है तो इंद्रदेव का आशीर्वाद मिलता है। आज वर्षा के रूप में भी हमें आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। यह पानी देने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ साथ अब सरायपाली का विकास भी तीव्र गति से हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार में लगातार विकास के काम हो रहे है। देश की दशा और दिशा बदलने का काम हमारी डबल इंजन की सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नही होगी। उप मुख्यमंत्री ने सांसद की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा की।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और अब सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने सरायपाली क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की मांग भी रखी।

सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया।

 उन्होंने कहा कि यह केवल पानी की योजना नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगात है। महानदी का पानी जब घर-घर पहुंचेगा, तो इसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक मांगे भी रखी।


अन्य पोस्ट