महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23सितम्बर। वेडनर मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में केके मोदी यूनिवर्सिटी दुर्ग-भिलाई के तत्वावधान में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बिजनेस आइडिया विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बिजनेस के इस संबंध में विस्तृत जानकारी देना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए उपयोगी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से आए विशेषज्ञ मृणाल चतुर्वेदी और अंसर सर ने विद्यार्थियों को समझाया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद केवल नौकरी ही एकमात्र विकल्प नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने आइडिया को एक सफल स्टार्टअप में कैसे बदल सकते हैं? बिजनेस प्लान कैसे बनता है और स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ कैसे लिया जा सकता है? विशेषज्ञों ने नेतृत्व क्षमता, व्यावहारिक कौशल, रोजगार योग्यता और कैरियर विकास, प्रेरणा, वित्तीय प्रबंधन और जोखिम लेने की कला पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर शिक्षक विनय गुप्ता, रोशन लाल साहू, शिक्षिका शेफाली कश्यप सहित कक्षा 12वीं के समस्त विद्यार्थी उपस्थित थे।