महासमुन्द

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए चार प्रमुख स्थान चिह्नित
23-Sep-2026 4:01 PM
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए चार प्रमुख स्थान चिह्नित

नगर सेना के जवान तैनात होंगे, बड़ी क्रेन की व्यवस्था होगी 

तालाबों में बजबजा रही गंदगी,  असमंजस में श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,23सितम्बर। आज हवन पूजन के साथ गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया कल 24 सितम्बर से शुरू होगी। बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए प्रशासन ने महासमुंद शहर के चार प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया है। वहीं छोटी मूर्तियों का विसर्जन तालाबों में किया जा सकेगा। जानकारी मिली है कि बड़ी मूर्तियों के विसर्जन को लेकर चिन्हांकित प्रमुख 4 स्थानों पर नगर सेना के जवानों की तैनाती की जायेगी। इन स्थानों पर बड़ी क्रेन की व्यवस्था की जायेगी।

               परंपरागत रूप से शहर के अधिकांश लोग और समितियां छोटी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन महामाया तालाब में करती रही हैं। परंतु इस वक्त महामाया तालाब में कचरा और गंदगी बजबजा रही है। पानी इतना दूषित हो चुका है कि उसके पास खड़ा होना भी दुश्वार है। यही स्थिति शीतला तालाब की भी बनी हुई है। सितली नाले को छोड़ दिया जाए तो शहर के तमाम तालाबों में  जलकुंभी, प्लास्टिक की थैलियों और सड़े-गले कचरे का अंबार है। दूषित और बदबूदार पानी में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित करने की मजबूरी होगी। इसे लेकर गणेश उत्सव समितियों में आक्रोश भी है।

 श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन व नगर निगम से गुहार लगाई है कि विसर्जन तिथि से पूर्व महामाया तालाब, शीतला तालाब सहित अन्य विसर्जन स्थलों की युद्ध स्तर पर सफाई कराई जाए।

ताकि श्रद्धालु पूर्ण भक्ति, श्रद्धा और सम्मान के साथ बप्पा को विदाई दे सकें।


अन्य पोस्ट