महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23सितम्बर। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद की पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने बसना विकासखंड के ग्राम पितईपाली में कथित महुआ शराब पीने से दो ग्रामीणों की मौत पर गहरा दु:ख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रदेश में बेलगाम अवैध शराब कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही का भयावह परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिस सुशासन का ढोल पीटती है, उसी शासन में गरीब और ग्रामीण परिवार जहरीली एवं अवैध शराब के कारण अपनी जान गंवा रहे हैं।
डॉ.रश्मि चंद्राकर ने कहा कि समाचारों और ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही थी। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत भी की, लेकिन आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। यदि शिकायतों पर गंभीरता दिखाई जाती तो आज दो परिवारों के घरों के चिराग नहीं बुझते। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल दो व्यक्तियों की मौत नहीं है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। आखिर गांव-गांव में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को संरक्षण कौन दे रहा है? आबकारी विभाग की जिम्मेदारी क्या केवल कागजों तक सीमित रह गई है,जब ग्रामीण लगातार अवैध शराब की जानकारी दे रहे थे,तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
अवैध शराब बनाने और बेचने वाले सभी लोगों के खिलाफ हत्या जैसे गंभीर अपराधों के तहत कार्रवाई की जाए तथा जिन अधिकारियों ने शिकायतों के बावजूद लापरवाही बरती, उनकी जवाबदेही तय कर तत्काल निलंबित किया जाए।