महासमुन्द

योजनाओं के परिणाम और उनके जमीनी प्रभाव का आकलन करें अफसर-नेहरू राम
17-Sep-2026 9:31 PM
योजनाओं के परिणाम और उनके जमीनी प्रभाव का आकलन करें अफसर-नेहरू राम

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

महासमुंद,17 सितम्बर। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नेहरू राम निषाद ने कल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में आयोग की अनिता डेकाटे एवं लक्ष्मीकांत मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद सहित अधिकारी उपस्थित रहे।      

बैठक में श्री निषाद ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में केवल लक्ष्य पूर्ति और आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि योजनाओं के परिणाम और उनके जमीनी प्रभाव का भी आकलन करें। विशेष रूप से अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही प्रशासनिक कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यालयीन रिपोर्ट के साथ-साथ मैदानी वास्तविकता को भी समीक्षा का आधार बनाया जाना चाहिए। योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में हुए सकारात्मक बदलावों को चिन्हांकित उसका दस्तावेजीकरण भी किया जाना चाहिए।

 बैठक में आदिम जाति विकास विभाग, महिला एंव बाल विकास विभाग,श्रम विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, मत्स्य, कृषि, शिक्षा, पशुपालन एवं अन्य विभागों की समीक्षा की गई। विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगतिए लक्षित वर्ग को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ, लंबित प्रकरणों, विभागीय में गतिविधियों तथा मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति से आयोग को अवगत कराया।


अन्य पोस्ट